दिल्ली विधानसभा और मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा की जीत पर बरवाडीह में जश्न, बताया मोदी की नीतियों की जीत
अंबेडकर चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय उत्सव, भाजयुमो के नेतृत्व में निकला विजय जुलूस

बरवाडीह, लातेहार : दिल्ली विधानसभा चुनाव और मिल्कीपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत पर बरवाडीह के भाजपाइयों ने जोरदार जश्न मनाया। भाजपा कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और आतिशबाजी कर, नारे लगाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान अबीर-गुलाल उड़ाकर कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। चुनाव परिणाम सामने आते ही भाजयुमो प्रखंड अध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में विजय जुलूस निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर पटाखे दगाए और मिठाइयां बांटी। भाजपा नेता कन्हाई प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 26 साल बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है, जो ऐतिहासिक है। वहीं उप प्रमुख एवं भाजपा नेता बीरेंद्र जायसवाल ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। दिल्ली की जनता ने मोदी पर भरोसा जताते हुए विकास की राजनीति को चुना है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत को जनता की जीत बताया और आगे भी पार्टी के लिए समर्थन जुटाने की प्रतिबद्धता जताई।