चांडिल पुलिस ने अज्ञात शव हत्या का मामला सुलझाया, मोबाइल और 9,500 रुपये की चोरी के शक में हुई थी युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विक्रम मुंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

सरायकेला-खरसावां : चांडिल थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी विक्रम मुंडा उर्फ टिक्का मुंडा (27) को गिरफ्तार कर लिया है। 20 फरवरी 2025 को चांडिल थाना क्षेत्र के काटिया स्टेडियम के पास खेत में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। इस संबंध में चांडिल थाना कांड संख्या-30/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विक्रम मुंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। विक्रम ने बताया कि वह और मृतक सुकराम गोप एक ही कंपनी (क्रिस्टल थर्माकॉल फैक्ट्री, काटिया) में काम करते थे। 18 फरवरी को विक्रम ने एक नया मोबाइल खरीदा था जिसे सुकराम गोप ने 9,500 रुपये के साथ चुरा लिया। इसी गुस्से में विक्रम ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर सुकराम गोप की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। मुख्य आरोपी विक्रम मुंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त पत्थर को विधिवत जब्त कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। इस हत्याकांड की जांच में शामिल पुलिस अधिकारियों में चांडिल एसडीपीओ अरविंद कुमार बिन्हा, चांडिल अंचल निरीक्षक अजय कुमार, पुअनि सह चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन विरुवा, पु.अ.नि. राहुल कुमार भारती प्रमुख रूप से शामिल रहे। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।