ताज़ा-ख़बर

कांड्रा-सरायकेला मार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्ती, लगेंगे नो पार्किंग बोर्ड

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग पर यातायात पुलिस की नजर, उल्लंघन पर जुर्माने की कार्रवाई

कांड्रा-सरायकेला मार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्ती, लगेंगे नो पार्किंग बोर्ड

सरायकेला : कांड्रा से सरायकेला मुख्य मार्ग पर बढ़ते भारी वाहनों के दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर यातायात पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि मुख्य सड़क के किनारे बेतरतीब अथवा अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक प्रभारी के अनुसार कांड्रा से सरायकेला तक भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। इस मार्ग पर स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में माल लोड और अनलोड करने पहुंचने वाले भारी वाहन कई बार सड़क किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। आम राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य मार्ग पर अवैध पार्किंग को रोकने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों के भारी वाहनों के साथ-साथ आम नागरिकों के वाहनों पर भी सड़क पर नियम विरुद्ध पार्किंग करने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग व्यवस्था को स्पष्ट करने के लिए कांड्रा से सरायकेला मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर नो पार्किंग संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस की ओर से माइकिंग और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए वाहन चालकों को सुरक्षित एवं निर्धारित स्थानों पर पार्किंग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जागरूकता के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क पर वाहन खड़ा करने से पहले चालक निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करें और लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान भी मुख्य सड़क को बाधित न करें। यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए आगे भी अतिरिक्त सुधारात्मक एवं प्रवर्तनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

इन्हें भी पढ़ें.