चांडिल थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ की बड़ी उपलब्धि, विजय तिर्की हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
फरार अपराधी सहनवाज खान उर्फ डाबर पुलिस गिरफ्त में, चांडिल पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सरायकेला : चांडिल थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ के नेतृत्व में पुलिस को विजय तिर्की हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। चर्चित हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहनवाज खान उर्फ डाबर उर्फ सन्नो को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई को चांडिल थाना प्रभारी की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को चांडिल थाना क्षेत्र के अनंतत गांव हसाडीह में विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर चांडिल थाना कांड संख्या 199/25 के तहत धारा 103(1)/61(2)/118(2)/3(5) बीएनएस 2023 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए चांडिल थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ के नेतृत्व में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी सहनवाज खान को मानगो, जमशेदपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले पूर्व से दर्ज हैं। इस कांड में पूर्व में चार अन्य आरोपियों शाहिद खान, विवेक कुमार मन्ना, राहुल राय और मनीष कुमार ठाकुर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। चांडिल थाना प्रभारी की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।