ताज़ा-ख़बर

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया चंदवारा थाना का पुलिस अधिकारी, एसीबी की ट्रैप टीम ने की गिरफ्तारी

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेअपराध

पियूष कुमार पाण्डेय ने इस मामले की पैरवी और संबंधित कार्यों के लिए प्रेमचन्द्र नायक को अधिकृत किया था।

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया चंदवारा थाना का पुलिस अधिकारी, एसीबी की ट्रैप टीम ने की गिरफ्तारी

हजारीबाग / कोडरमा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की ट्रैप टीम ने चंदवारा थाना के एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी ने एक आपराधिक मामले में सहायता करने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिलोडीह निवासी प्रेमचन्द्र नायक (39) ने एसीबी हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनके मित्र पियूष कुमार पाण्डेय के खिलाफ चंदवारा थाना में कांड संख्या 13/26, दिनांक 11 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया है। पियूष कुमार पाण्डेय ने इस मामले की पैरवी और संबंधित कार्यों के लिए प्रेमचन्द्र नायक को अधिकृत किया था।

आवेदक के अनुसार, जब वह मामले के संबंध में बातचीत करने चंदवारा थाना गए तो वहां पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार राम ने केस डायरी में अनुकूल रिपोर्ट लिखकर मामले को कमजोर करने, कुछ धाराएं हटाने तथा अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं करने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। आवेदक ने इसकी जानकारी अपने मित्र को दी, जिन्होंने स्पष्ट रूप से रिश्वत देने से इंकार कर दिया।

इसके बाद प्रेमचन्द्र नायक ने एसीबी हजारीबाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसीबी द्वारा शिकायत का विधिवत सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी अधिकारी द्वारा प्रथम किस्त के रूप में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सत्य पाई गई। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर एसीबी थाना हजारीबाग में कांड संख्या 02/2026, दिनांक 11 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया। इसके पश्चात एसीबी हजारीबाग की गठित ट्रैप टीम ने दंडाधिकारी एवं दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में गुरुवार 12 मार्च 2026 को जाल बिछाया। इसी दौरान पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार राम को आवेदक से प्रथम किस्त के रूप में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.