बिहार पुलिस परीक्षा में नकल गिरोह का भंडाफोड़, सिपाही व दो होमगार्ड समेत आठ गिरफ्तार
ब्लूटूथ डिवाइस और वॉकी-टॉकी के जरिए कराई जा रही थी नकल, परीक्षा केंद्र के भीतर-बाहर सक्रिय था पूरा नेटवर्क

सारण। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग की लिखित परीक्षा में नकल कराने वाले संगठित गिरोह का सारण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नैनी परीक्षा केंद्र पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अभ्यर्थियों, एक सिपाही और दो होमगार्ड जवान समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान सघन तलाशी में वैशाली निवासी विश्वजीत कुमार शर्मा और भोजपुर निवासी अमित कुमार के पास से संदिग्ध ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि केंद्र के बाहर मौजूद उनके सहयोगी वॉकी-टॉकी के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने वाले थे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के छह अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस, वॉकी-टॉकी सेट, चार्जर, बैटरी, नौ मोबाइल फोन, एक कार, दो आधार कार्ड और दो प्रवेश पत्र बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में शामिल सिपाही परीक्षा व्यवस्था की कमियों का फायदा उठाकर नकल की पूरी योजना संचालित करता था, जबकि होमगार्ड सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराते थे। मामले में भारतीय न्याय संहिता, बिहार लोक परीक्षा अधिनियम-2024 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।