लेवी वसूलने पहुंचा टीएसपीसी नक्सली को छतरपुर पुलिस ने दबोचा
पलामू पुलिस के साथ मुठभेड़ में शामिल था टीएसपीसी नक्सली शंभु सिंह : एसडीपीओ

छतरपुर (पलामू) : गुप्त सूचना के आधार पर छतरपुर पुलिस ने छापेमारी कर टीएसपीसी नक्सली शंभू सिंह को गिरफ्तार किया है। वह लेवी वसूल करने के लिए छतरपुर थाना क्षेत्र के पलवा की ओर आ रहा था। इसी बीच पुलिस ने उसे दबोच लिया। वह छतरपुर थाना क्षेत्र के पलवा गांव के अवध सिंह का पुत्र है।
इसकी जानकारी देते हुए छतरपुर एसडीपीओ अवध यादव ने बताया कि झारखंड विधानसभा चुनाव के समय पुलिस अपनी दैनिक अभियान में थी। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रतिबंध उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के जोनल कमांडर शशिकांत गंझू अपने दस्ते के साथ छत्तरपुर थाना क्षेत्र के तुरीदाग के जंगली पहाड़ी क्षेत्रों में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से एकत्रित है।
इसी क्रम में प्रतिबंध उग्रवादी संगठन टीएसपीसी व पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें नक्सली पर्चा समेत कई दैनिक सामन को पुलिस ने जप्त किया था। नक्सली शंभू सिंह पुलिस के साथ इसी मुठभेड़ में शामिल था। उसे समय वह बच निकला था। एसडीपीओ अवध यादव ने बताया कि शंभू सिंह के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुआ है। गिरफ्तार नक्सली शंभु सिंह के खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें हत्या, लूट, रंगदारी, आगजनी व पुलिस पर हमला जैसे अपराध शामिल हैं। वह लंबे समय से टीएसपीसी संगठन के साथ जुड़ा हुआ था व क्षेत्र में संगठन के विस्तार के लिए कार्य कर रहा था। कहा कि उसे गिरफ्तार कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी में थाना प्रभारी एसआई प्रशांत प्रसाद सिन्हा, एसआई सुशील उरांव, एसआई अनिल रजक, नारायण विश्वकर्मा व छतरपुर के सशस्त्र बल शामिल थे।