ताज़ा-ख़बर

मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने एनआईटी जमशेदपुर के विद्यार्थियों को दिया विकसित भारत में योगदान का मंत्र

रिपोर्ट: MANISH 6 घंटे पहलेझारखण्ड

युवा केवल देश का भविष्य नहीं वर्तमान भी हैं.. रिसर्च, इनोवेशन और तकनीक से राष्ट्र निर्माण में निभाएं भूमिका : मेजर जनरल जितेंद्र सिंह

मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने एनआईटी जमशेदपुर के विद्यार्थियों को दिया विकसित भारत में योगदान का मंत्र

आदित्यपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में नए शैक्षणिक सत्र 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड एवं बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नए विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण, नवाचार और तकनीकी विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। मीडिया और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने कहा कि एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान में देश की युवा शक्ति से संवाद करना उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा का दायरा केवल सेना में भर्ती होने तक सीमित नहीं है। देश के युवा इंजीनियर रिसर्च, इनोवेशन और अपने तकनीकी कौशल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में रहकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं बल्कि वर्तमान भी हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी वर्तमान युवा पीढ़ी के कंधों पर है। उन्होंने भारतीय प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि आज दुनिया की कई शीर्ष आईटी कंपनियों का नेतृत्व भारतीय कर रहे हैं जो देश की मजबूत तकनीकी और शैक्षणिक क्षमता का प्रमाण है। आधुनिक युद्धकला और तेजी से बदलती तकनीक पर चर्चा करते हुए मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय सेना भी नए तकनीकी युग के अनुरूप खुद को लगातार विकसित कर रही है। सेना अब शिक्षा जगत और उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर नई तकनीकों और आधुनिक नवाचारों पर तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित इस दौर में एनआईटी जैसे प्रमुख तकनीकी संस्थानों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासु बने रहने, नई चुनौतियों को अवसर के रूप में स्वीकार करने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज व राष्ट्र के हित में करने का आह्वान किया। उनके संबोधन ने नए विद्यार्थियों में उत्साह और देश के लिए कुछ नया करने की प्रेरणा जगाई। समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और नवाचार के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में संस्थान के डीन, प्राध्यापकगण, अधिकारी और बड़ी संख्या में 2026 बैच के नए विद्यार्थी उपस्थित रहे। ओरिएंटेशन कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की शुरुआत को प्रेरणादायी और यादगार बना दिया।

इन्हें भी पढ़ें.