नीमडीह में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन चुलाई भट्ठियां ध्वस्त
1500 किलो जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद, संचालकों पर केस की तैयारी

सरायकेला : उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 24 अगस्त को उत्पाद विभाग एवं पश्चिम बंगाल उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र के पश्चिम बंगाल सीमावर्ती ग्राम लाकड़ी एवं चतरमा में छापेमारी की। आसूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने तीन अवैध चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके से करीब 1500 किलोग्राम जावा महुआ तथा 50 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद को विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है। उत्पाद विभाग के अनुसार संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से संबंधित सूचना प्रशासन अथवा उत्पाद विभाग को देने की अपील की।