ताज़ा-ख़बर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का समापन किया

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे पुलिस जवानों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित, फिटनेस और खेलों में भागीदारी पर दिया जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का समापन किया

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-वन मैदान में 17वीं झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता पुलिस जवानों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड पुलिस के जवान न केवल राज्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, बल्कि खेलों में भी दमखम दिखा रहे हैं। “हमारे जवान कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राज्य और देश का नाम रौशन कर चुके हैं। मैं आश्वस्त हूं कि भविष्य में ये जवान खेल के क्षेत्र में और भी ऊँचाइयों को छुएंगे और झारखंड पुलिस का मान-सम्मान बढ़ाएंगे,” उन्होंने कहा।

श्री सोरेन ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “खेलों में हिस्सा लेना सबसे बड़ी बात है। हार-जीत तो लगी रहती है, लेकिन प्रयास और भागीदारी ही महत्वपूर्ण हैं। मैं सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

उन्होंने खेलों के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि खेल हमारे शरीर को फिट और स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने झारखंड पुलिस द्वारा अपने जवानों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की सराहना की और इसे एक प्रेरक पहल बताया।

समारोह में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रिया दुबे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतियोगियों ने भाग लिया।

इन्हें भी पढ़ें.