ताज़ा-ख़बर

साहिबगंज में बरहड़वा प्रखंड के एमओ नंदन कुमार 40 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

एसीबी की कार्रवाई में प्रखंड कार्यालय में मचा हड़कंप, दुमका ले जाकर आरोपी को किया हिरासत में

साहिबगंज में बरहड़वा प्रखंड के एमओ नंदन कुमार 40 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

साहिबगंज: साहिबगंज जिले के बरहड़वा प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नंदन कुमार को 40 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के समय प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।

एसीबी के अनुसार, नंदन कुमार ने आलमगीर आलम नामक डीलर से रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित द्वारा शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरी योजना के तहत बरहड़वा प्रखंड पहुंचकर नंदन कुमार को पकड़ा और दुमका लेकर चली गई।

इससे पहले गुरुवार को एसीबी की टीम सादे लिबास में चार-पाँच सदस्यों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंची, ताकि किसी को भनक तक न लगे। टीम ने संबंधित थाना को सूचित किया और आरोपी को हिरासत में लेकर रवाना हो गई।

सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी बरहेट प्रखंड के मुखिया को एसीबी की टीम ने घूस लेते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके अलावा, तीन साल पहले जिला मत्स्य विभाग के एक कर्मी को भी घूस लेते पकड़ा गया था।

बताया गया है कि हाल ही में झारखंड सरकार ने नंदन कुमार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में बहाली कर नियुक्ति पत्र जारी किया था। यह उनकी बरहड़वा प्रखंड में पहली पोस्टिंग थी। जिले के नौ प्रखंडों में से सात प्रखंडों में अब तक एमओ की नियुक्ति हो चुकी है।

इन्हें भी पढ़ें.