मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल का उद्घाटन, झारखंड को मिलेगी स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी सौगात
आदित्यपुर में 650 बेड का सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल राष्ट्र को समर्पित, एमबीबीएस की पढ़ाई से खुलेगा नया अध्याय

सरायकेला : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को सरायकेला जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आदित्यपुर इंडस्ट्रियल पार्क में स्थापित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल का विधिवत उद्घाटन कर राज्य की जनता को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की महत्वपूर्ण सौगात देंगे। उद्घाटन समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्थानीय विधायक एवं सांसदों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय सिंह की उपस्थिति प्रस्तावित है। सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के तत्वावधान में संचालित यह संस्थान राज्य के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वर्तमान में यहां 650 बेड का सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल संचालित है जिसे इसी सत्र से बढ़ाकर 950 बेड का किया जाएगा। साथ ही, इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस के 100 छात्रों का नामांकन भी किया गया है जिन्हें मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। नेताजी सुभाष ग्रुप के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह संस्थान कोल्हान ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड के लिए धरोहर साबित होगा। वहीं ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने इसे जनसेवा और शिक्षा के प्रति किए गए वादों की पूर्ति का प्रतीक बताया।