ताज़ा-ख़बर

बड़कागांव के बच्चों ने कराटे में दिखाया दम, स्टेट चैंपियनशिप में जीते गोल्ड-सिल्वर और ब्रॉन्ज

रिपोर्ट: VBN News Desk7 घंटे पहलेखेल

सुरभि कुमारी बनीं दोहरी गोल्ड विजेता, रिया और राधिका ने भी पदक जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का मान

बड़कागांव के बच्चों ने कराटे में दिखाया दम, स्टेट चैंपियनशिप में जीते गोल्ड-सिल्वर और ब्रॉन्ज

रिपोर्ट : अजय कुमार

बड़कागांव के युवा कराटे खिलाड़ियों ने झारखंड राज्य कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शोतोकान कराटे-डू फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) की झारखंड राज्य कराटे चैंपियनशिप का आयोजन 22 और 23 अगस्त 2026 को रांची के रातू रोड स्थित हनुमान बक्स पोदार भवन में सफलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में राज्यभर से 7 से 16 वर्ष आयु वर्ग के 300 से अधिक कराटे खिलाड़ियों ने काता और कुमिते स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बड़कागांव के खैरातरी से चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। काता इवेंट में सुरभि कुमारी और रिया कुमारी ए ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं कुमिते इवेंट में सुरभि कुमारी ने गोल्ड मेडल जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। रिया कुमारी ए ने सिल्वर मेडल जीता जबकि रिया कुमारी बी और राधिका पटेल ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। चैंपियनशिप में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसकेएफआई के चीफ इंस्ट्रक्टर सह टेक्निकल डायरेक्टर हान्सी मानस सिन्हा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सफल कराटे खिलाड़ी के निर्माण में कोच के साथ-साथ अभिभावकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। कराटे का प्रशिक्षण खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मानसिक रूप से भी अनुशासित और कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से कराटे से मिले अनुशासन और आत्मविश्वास को अपने वास्तविक जीवन में भी अपनाने की अपील की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उनके प्रशिक्षक कोच सिहान मार्सेल टुडू, ब्लैक बेल्ट 4 डान ने अपार खुशी व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की सफलता पर डिस्ट्रिक्ट कराटे-डू एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं एसकेएफआई टेक्निकल डायरेक्टर क्योशी नरेंद्र सिन्हा, रेन्शी प्रदीप हंसदा, रेन्शी अंजन प्रसाद, सिहान जोगेंद्र गंझू सहित कई कराटे प्रशिक्षकों और पदाधिकारियों ने बधाई दी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से बड़कागांव और खैरातरी क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

इन्हें भी पढ़ें.