झारखंड में ठंड का कहर जारी, न्यूनतम तापमान पहुंचा पांच डिग्री
राजधानी में ठंड की स्थिति ऐसी रही कि दिन में भी धूप के बावजूद भारी कनकनी महसूस की गई। इसके चलते लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।

रांची। झारखंड में इन दिनों पछुआ हवाओं के कारण ठंड कहर बरपा रही है। राज्य में न्यूनतम तापमान गिरकर पांच डिग्री तक पहुंच गया है। गुरुवार को सिमडेगा में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह राज्य के अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट लगातार जारी है। खूंटी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, लोहरदगा में 7.3 डिग्री, डालटेनगंज में 8 डिग्री और रांची में एक डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दिन भी पछुआ हवाएं चलीं जो तीर की तरह लोगों को चुभ रही थी। राजधानी में ठंड की स्थिति ऐसी रही कि दिन में भी धूप के बावजूद भारी कनकनी महसूस की गई। इसके चलते लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। लोगों को भारी ठंड के चलते दैनिक के काम में देरी हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान गोडडा में 29.7 डिग्री और सबसे कम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा में रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को रांची में अधिकत तापमान 22.4 डिग्री, जमशेदपुर में 26.6 डिग्री, डालटेनगंज में 27.4, बोकारो में 23.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री, खूंटी में 24.9, लोहरदगा में 21.7, लातेहार में 18.2 डिग्री, सरायकेला में 36.3, गोडडा में 29.7 डिग्री और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।