बूथ संगठन व मतदाता सूची पर कांग्रेस की बैठक
बूथ संगठन व मतदाता सूची पर कांग्रेस की बैठक

पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार की अध्यक्षता में बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री एवं विधायक दल के नेता Alamgir Alam मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में बीएलए पर्यवेक्षक मोरसलीम शेख, प्रदेश महासचिव डॉ. तनवीर आलम, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, मतदाता सूची की समीक्षा तथा आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर आलमगीर आलम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए, चाहे वह किसी भी दल का समर्थक हो।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची का गहन निरीक्षण करने तथा यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
प्रदेश महासचिव डॉ. तनवीर आलम ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अंत में जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करने की अपील की।