ताज़ा-ख़बर

खबर के बाद भी नहीं रुका निर्माण, सरकारी जमीन पर दुकान की छत के लिए सेंटरिंग जारी

रिपोर्ट: MANISH 56 मिनट पहलेझारखण्ड

उपायुक्त के संज्ञान में मामला आने के बावजूद निर्माण कार्य जारी, अंचल प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल

खबर के बाद भी नहीं रुका निर्माण, सरकारी जमीन पर दुकान की छत के लिए सेंटरिंग जारी

गम्हरिया : प्रखंड सह अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण कर पक्का दुकान निर्माण किए जाने का मामला अब भी जारी है। गुरुवार को निर्माण का मामला सामने आने और समाचार के माध्यम से उपायुक्त नितीश कुमार को अवगत कराए जाने के बावजूद मौके पर निर्माण कार्य बंद नहीं हुआ है। स्थानीय जानकारी के अनुसार दुकान की छत ढलाई की तैयारी के लिए सेंटरिंग का काम भी जारी है। बताया गया कि इसी स्थान पर पहले भी पक्का दुकान निर्माण शुरू किया गया था जिसे तत्कालीन सीओ मनोज कुमार के हस्तक्षेप के बाद रुकवा दिया गया था। अब दोबारा निर्माण शुरू होने के साथ सीतारामपुर ग्राम मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड, सीतारामपुर गम्हरिया और ‘झारखंड फ्रेश फिश’ मछली बिक्री केंद्र का बोर्ड लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि फिलहाल अभी उक्त बोर्ड को हटाकर कार्य किया जा रहा है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि यदि संबंधित जमीन सरकारी है और निर्माण की जानकारी प्रशासन तक पहुंच चुकी है तो अब तक स्थल का निरीक्षण कर निर्माण की वैधता की जांच क्यों नहीं की गई। वहीं यदि संबंधित संस्था या व्यक्ति के पास जमीन के उपयोग अथवा निर्माण की अनुमति है तो उसके दस्तावेज भी स्पष्ट किए जाने चाहिए। पूर्व में अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू तरुण ठाकुर से मामले को लेकर पूछे जाने पर कथित रूप से कहा गया था कि बिना शिकायत कार्रवाई नहीं की जा सकती। शिकायतकर्ताओं को समाचार प्रकाशित कराने की सलाह दिए जाने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद समाचार के माध्यम से मामले को जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया गया लेकिन निर्माण कार्य जारी रहने से प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब मांग उठ रही है कि प्रशासन मौके का निरीक्षण कर जमीन के रिकॉर्ड, खाता-प्लॉट, सीमांकन, निर्माण की अनुमति और संबंधित संस्था के अधिकार की जांच करे। यदि निर्माण नियमों के अनुरूप है तो स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि अनधिकृत पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। फिलहाल छत ढलाई के लिए सेंटरिंग का काम जारी रहने से स्थानीय लोगों में चर्चा है कि प्रशासन की ओर से मौके पर हस्तक्षेप कब किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.