गौ तस्करी की कोशिश नाकाम, विहिप और ग्रामीणों के सहयोग से गौ माता को छुड़ाया गया
विश्व हिंदू परिषद गम्हरिया प्रखंड के अध्यक्ष सिंटू गोराई ने टीम के साथ गौ माता को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित बचाया।

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत मंगलवार को सपड़ा-आनंदपुर मार्ग पर गौ तस्करी की एक बड़ी कोशिश को स्थानीय ग्रामीणों और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विफल कर दिया। बताया गया कि कुछ गौ तस्कर एक गाय को अवैध रूप से ले जा रहे थे। सपड़ा गांव के समीप जैसे ही यह घटना नजर में आई विश्व हिंदू परिषद गम्हरिया प्रखंड के अध्यक्ष सिंटू गोराई, बजरंग दल गम्हरिया के संयोजक आकाश दास, सोनारी गौ रक्षा प्रमुख तथा सपड़ा गांव के ग्रामीणों ने मिलकर त्वरित कार्रवाई करते हुए गौ माता को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान गौ तस्कर मौके से फरार हो गए। फिलहाल गौ माता को सुरक्षित रूप से सपड़ा गांव में रखा गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गौ तस्करी जैसे अपराधों पर कठोर कार्रवाई की जाए और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाए।