माले की जिला कमिटी की बैठक मधुबन में संपन्न, संगठन विस्तार व बिहार चुनाव को लेकर बने ठोस निर्णय
इंकलाबी नौजवान सभा के महासचिव नीरज कुमार ने कहा कि बिहार चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इसके लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

पीरटांड़ : भाकपा (माले) की जिला कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन में संपन्न हुई। बैठक की अगुवाई माले के राज्य सचिव मनोज भक्त, बगोदर के पूर्व विधायक सह पोलित ब्यूरो सदस्य विनोद सिंह, जिला सचिव अशोक पासवान और इंकलाबी नौजवान सभा के महासचिव नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, बिहार चुनाव कोष, झारखंड एसआईआर मुद्दे, नए वोटरों को जोड़ने और संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला कमिटी के लगभग सभी सदस्यों ने भाग लिया।राज्य सचिव मनोज भक्त और जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य को मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में माले मजबूत है, अब लक्ष्य है कि पार्टी को जिले के हर विधानसभा क्षेत्र तक विस्तार दिया जाए। साथ ही बिहार चुनाव कोष और झारखंड की टीम के बिहार दौरे की योजना पर भी सहमति बनी। पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि बिहार में 65 लाख वोटरों के नाम काटे गए हैं, जिनमें 35 लाख प्रवासी मजदूर शामिल हैं। उन्होंने झारखंड के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर मतदाता सूची से नाम काटने जैसी गतिविधियों पर नजर रखें। सिंह ने कहा कि महिला, अल्पसंख्यक, दलित, गरीब और मजदूर वर्ग को जागरूक कर संगठित करने की जरूरत है। उन्होंने बिहार चुनाव और कोष पर विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि हर साथी को 100% मेहनत से काम करना होगा ताकि बिहार के साथियों का मनोबल ऊंचा उठे।
इंकलाबी नौजवान सभा के महासचिव नीरज कुमार ने कहा कि बिहार चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इसके लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने झारखंड के साथियों से चुनाव कोष और जनसंपर्क अभियान पर विशेष ध्यान देने की अपील की।बैठक में राज्य और जिला कमिटी के सदस्य सीताराम सिंह, भोला महतो, जयंती चौधरी, राजेश सिन्हा, भोला मंडल, रामेश्वर चौधरी, पवन महतो सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।इसके अलावा उपस्थित कार्यकर्ताओं में उस्मान अंसारी, मीना दास, पूरन महतो, परमेश्वर महतो, मुन्ना राणा, रामू बैठा, लालमनी यादव, संदीप जयसवाल, शेखर सुमन, सोनू पांडेय, शंकर पांडेय, कन्हाई पांडेय, मेहताब अली मिर्जा, रामलाल मुर्मू, कयूम अंसारी, राजकुमार दास, मुस्तकीम अंसारी, नागेश्वर महतो, अभिमन्यु राम, मंटू, अशोक और धानेश्वर पासवान आदि शामिल रहे।बैठक का समापन संगठन विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ किया गया।