रांची में क्रिकेट विवाद ने लिया हिंसक रूप, पत्थरबाजी के बीच चली गोलियां
दो गुटों में खूनी झड़प के बाद पुलिस सख्त, आधा दर्जन से अधिक उपद्रवी हिरासत में

रांची : पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी में क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। छात्रों के दो गुटों के बीच हुए इस विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक बड़ी संख्या में लोग बैंक कॉलोनी पहुंच गए और दोनों गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह विवाद एक दिन पहले यानी बुधवार को शुरू हुआ था, जो गुरुवार को फिर भड़क गया। झड़प में कई लोग घायल हुए हैं, वहीं घटनास्थल से गोलियों के कई खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।