रामगढ़ में अपराधियों की सलामी, नए एसपी के आते ही ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट, पुलिस को चुनौती या रणनीति की चूक? नई तैनाती के बीच बड़ी वारदात से हड़कंप
लूट के बाद पलटी बाजी, दो बदमाश पकड़ाए, भीड़ ने सिखाया सबक, तीन फरार, एसपी मुकेश लुणायत ने कहा: गिरोह का होगा जल्द खुलासा, किसी को नहीं छोड़ेंगे

रामगढ़ : जिले में नए पुलिस अधीक्षक के पदभार संभालने के महज दो दिन बाद ही अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती देने की कोशिश की। रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित शिवशंकर ज्वेलर्स में मंगलवार को हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर दुकानदार को बंधक बनाया और लाखों के जेवरात लूट लिए। बताया जा रहा है कि करीब पांच से छह अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से मामला पलट गया। भागने के दौरान दो बदमाशों को लोगों ने पकड़ लिया लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आक्रोशित भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। दोनों आरोपियों को गंभीर हालत में पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है। मौके से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है जबकि तीन अन्य अपराधी फरार हो गए। इस घटना को नए एसपी के लिए सलामी के तौर पर देखा जा रहा है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देने की कोशिश की है लेकिन यह साफ संदेश है कि रामगढ़ में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।