ताज़ा-ख़बर

नीलांबर-पीतांबर की शहादत दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, संकल्प यात्रा से गूंजा बरवाडीह

रिपोर्ट: अकरम 2 घंटे पहलेझारखण्ड

जल-जंगल-जमीन की रक्षा ही सच्ची श्रद्धांजलि - कन्हाई सिंह ने दिलाया शहीदों के सपनों को पूरा करने का संकल्प

नीलांबर-पीतांबर की शहादत दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, संकल्प यात्रा से गूंजा बरवाडीह

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह में अमर शहीद नीलांबर-पीतांबर की शहादत दिवस के अवसर पर भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। पुराने प्रखंड परिसर में संयुक्त ग्राम सभा मंच के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत भव्य संकल्प यात्रा से हुई। संकल्प यात्रा में शामिल लोग बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए प्रखंड परिसर पहुंचे जहां शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान नीलांबर-पीतांबर अमर रहें और उनके अरमानों को मंजिल तक पहुंचाना है जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कन्हाई सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नीलांबर-पीतांबर की शहादत केवल झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा करना ही इन महान शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने लोगों से शहीदों के आदर्शों पर चलने और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि श्यामली शर्मा ने भी अपने संबोधन में कहा कि नीलांबर-पीतांबर जैसे वीरों की शहादत हमें समाज और प्रकृति के संरक्षण की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा को अपनाकर ही हम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आए झूमर कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और गीतों के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिससे सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। इस अवसर पर संयुक्त ग्राम सभा मंच के अध्यक्ष मुद्रिका सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पूर्णिमा सिंह, ग्राम प्रधान मधेश्वरी सिंह, शिवनारायण सिंह सहित हजारों लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक बना बल्कि क्षेत्र में एकता, संस्कृति और देशभक्ति का सशक्त संदेश भी छोड़ गया।

इन्हें भी पढ़ें.