ताज़ा-ख़बर

ड्यूटी पर लौट रहे सीआरपीएफ जवान उपेंद्र राम की ट्रेन हादसे में मौत, गांव में शोक की लहर

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

चलती ट्रेन से गिरकर गई जवान की जान, खुरा गांव में पसरा मातम

ड्यूटी पर लौट रहे सीआरपीएफ जवान उपेंद्र राम की ट्रेन हादसे में मौत, गांव में शोक की लहर

लातेहार : जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत खुरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान उपेंद्र राम की ट्रेन हादसे में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान की असमय मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपेंद्र राम जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कार्यरत थे। छुट्टी बिताने के बाद वह वापस अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर न्यू अछल्दा रेलवे स्टेशन के समीप एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि चलती ट्रेन से गिर जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रेलवे पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों और सीआरपीएफ अधिकारियों को भी दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उपेंद्र राम अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। जवान की मौत की खबर जैसे ही खुरा गांव पहुंची पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। परिजन बेसुध हो गए जबकि ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे। गांव के लोगों ने बताया कि उपेंद्र राम बेहद मिलनसार और जिम्मेदार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा परिवार के साथ-साथ गांव का भी गौरव थे। स्थानीय लोगों ने जवान की मौत पर गहरा दुख जताते हुए सरकार से शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि देश सेवा में समर्पित जवान की असमय मौत पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। फिलहाल परिवार को जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार है जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

लातेहार से संतोष कुमार की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.