ताज़ा-ख़बर

उपायुक्त के फटकार के बाद खुली विभाग की नींद: बुधुडीह-जोरासिमर की टूटी पुलिया का हुआ निरीक्षण, अब शुरू होगी स्थायी निर्माण की प्रक्रिया

रिपोर्ट: Amit Sahay6 घंटे पहलेझारखण्ड

लापरवाही के कारण वर्षों से झेल रहे थे ग्रामीण परेशानी, प्रशासन ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

उपायुक्त के फटकार के बाद खुली विभाग की नींद: बुधुडीह-जोरासिमर की टूटी पुलिया का हुआ निरीक्षण, अब शुरू होगी स्थायी निर्माण की प्रक्रिया

गिरिडीह : बरसात में हर साल टूट-जुड़ कर जानलेवा बन जाने वाली बुधुडीह-जोरासिमर की अस्थायी पुलिया को लेकर आखिरकार प्रशासन की नींद टूटी। उपायुक्त रामनिवास यादव के कड़े निर्देश के बाद बुधवार को कार्यपालक अभियंता, विशेष प्रमंडल संतोष मरांडी एवं सहायक अभियंता नंदन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया।

स्थानीय ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि वर्षों से इस पुलिया के भरोसे आवागमन हो रहा है। जरा सी बारिश में यह बह जाती है जिस कारण स्कूली बच्चे, मरीज व आम लोग घंटों तक आवागमन के लिए तरसते हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार शिकायत के बाद भी विभागीय स्तर पर सिर्फ खानापूर्ति की गई।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने पुलिया की जर्जर स्थिति और तकनीकी खामियों को स्वीकार किया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आमजन की सुविधा सर्वोपरि है। तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर आवागमन बहाल किया जाए और स्थायी पुलिया निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने विभागीय अभियंताओं को समयबद्ध तरीके से डीपीआर, टेंडर और निर्माण कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी संरचना को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। पुलिया निर्माण की हर प्रगति की साप्ताहिक मॉनिटरिंग की जाएगी।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि अब ग्रामीणों को बरसात में जान जोखिम में डालकर नदी पार नहीं करनी पड़ेगी। जल्द ही इस क्षेत्र में एक मजबूत और स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.