ताज़ा-ख़बर

गोपीकांदर में नहीं थम रहा मलेरिया का प्रकोप, जाड़ोपानी गांव में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर

रिपोर्ट: VBN News Desk5 घंटे पहलेझारखण्ड

जांच के दौरान बुखार से पीड़ित मरीजों में से दो लोगों में प्लाज्मोडियम फेल्सीपेरम (पीएफ) मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई।

गोपीकांदर में नहीं थम रहा मलेरिया का प्रकोप, जाड़ोपानी गांव में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर

By Dipu

गोपीकांदर : प्रखंड क्षेत्र में मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गोपीकांदर के जाड़ोपानी गांव में दो दर्जन से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जाड़ोपानी गांव के पहाड़िया टोला एवं संथाल टोला में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान बुखार से पीड़ित एवं संदिग्ध मरीजों की मलेरिया जांच भी की गई। शिविर में कुल 59 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 19 लोग बुखार के लक्षण से पीड़ित, जबकि 9 लोगों में सर्दी-जुकाम, खांसी और लूज मोशन जैसी समस्याएं पाई गईं। वहीं 31 लोगों में किसी प्रकार का लक्षण नहीं मिला।

जांच के दौरान बुखार से पीड़ित मरीजों में से दो लोगों में प्लाज्मोडियम फेल्सीपेरम (पीएफ) मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य कर्मियों ने दोनों संक्रमित मरीजों को शिविर स्थल पर ही निर्धारित उपचार के अनुसार दवा की पहली खुराक खिलाई और आगे की दवा एवं उपचार को लेकर आवश्यक जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों, मच्छरदानी के नियमित उपयोग, आसपास साफ-सफाई रखने तथा बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने को लेकर जागरूक किया। शिविर में सीएचओ इग्निसिया लकड़ा, एएनएम अनीता हांसदा, किरण मुर्मू, एमएसडब्ल्यू नितेश हेम्ब्रम एवं वीबीडी सुपरवाइजर प्रेमतोष बास्की सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

वीबीडी सुपरवाइजर प्रेमतोष बास्की ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया एवं अन्य बीमारियों की समय पर पहचान कर मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

इन्हें भी पढ़ें.