तातलोई गर्म जलकुंड के सौंदर्यीकरण कार्य में देरी, कई खामियां आई सामने
संवेदक द्वारा दो माह के भीतर कार्य पूरा करने का इकरार किया गया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका है।

By Dipu जामा (दुमका) : दुमका जिले का एकमात्र गर्म जलकुंड Tatloi Hot Spring इन दिनों सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर चर्चा में है। यहां मकर संक्रांति मेले से पहले कार्य शुरू किया जाना था, लेकिन मेला समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। वर्तमान में कार्य धीमी गति से चल रहा है और इसमें कई प्रकार की खामियां भी सामने आ रही हैं।
निर्माण स्थल पर कार्यकारी एजेंसी का नाम, प्राक्कलन राशि तथा अन्य विभागीय जानकारी से संबंधित कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे विभागीय लापरवाही की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना सूचना बोर्ड के निर्माण कार्य कराए जाने से पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार 14 जनवरी को लगने वाले मकर संक्रांति मेले में बड़ी संख्या में पर्यटकों के आगमन को देखते हुए दुमका के उपायुक्त Abhijit Sinha ने पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में जलकुंड क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने, स्टील रेलिंग लगाने तथा ड्रेनेज कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया था, ताकि पर्यटकों को बेहतर और सुरक्षित सुविधा मिल सके।
इसके बावजूद मेला शुरू होने से पहले कोई कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। बाद में मेला समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन अब भी कार्य धीमी गति से चल रहा है और कई आवश्यक जानकारियों का अभाव बना हुआ है। मकर संक्रांति मेले से पहले जामा विधानसभा क्षेत्र की विधायक Dr. Louis Marandi तथा जामा प्रखंड के बीडीओ Dr. Vivek Kishore ने तातलोई गर्म जलकुंड का निरीक्षण किया था। इस दौरान बीडीओ ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से गर्म जलकुंड को जाली से ढकने और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। हालांकि मेले से पहले इन निर्देशों पर अमल नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक डॉ. लुईस मरांडी चुनाव जीतने के बाद से तातलोई गर्म जलकुंड को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात करते रहे हैं। वे लगातार दूसरे वर्ष भी यहां का निरीक्षण कर चुके हैं और मेला स्थल पर साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने, स्टील की जाली लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दे चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दुमका जिले के पर्यटन विभाग द्वारा योजना के क्रियान्वयन के लिए एनआरईपी विभाग के माध्यम से निविदा जारी की गई है। जामा प्रखंड के पलासी पंचायत स्थित तातलोई गर्म जलकुंड के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 24 लाख 92 हजार 900 रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। संवेदक द्वारा दो माह के भीतर कार्य पूरा करने का इकरार किया गया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका है।
फिलहाल निर्माण स्थल पर रेलिंग, स्टील जाली और शौचालय का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि बैठने की व्यवस्था और एक नए कुंड का निर्माण कार्य अभी जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य ऊंट के मुंह में जीरा के समान है और तातलोई को एक बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक सौंदर्यीकरण की आवश्यकता है।