सिख नववर्ष पर साकची गुरुद्वारा में रक्तदान शिविर आयोजित, 48 यूनिट रक्त संग्रहित
मानव सेवा के संदेश के साथ युवाओं ने किया रक्तदान, महादान 11.0 अभियान के तहत आयोजन

जमशेदपुर : साकची स्थित साकची गुरुद्वारा परिसर में सिख नववर्ष के अवसर पर शनिवार को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा को समर्पित इस शिविर का आयोजन रोट्रेक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी द्वारा रॉबिन हुड आर्मी के सहयोग से किया गया। शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी और रोट्रैक्ट क्लब के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई जिससे शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सरदार निशान सिंह ने सभी रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय सेवा कार्य है और स्वेच्छा से रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी अनजान जरूरतमंद को नया जीवन देने का पुण्य कार्य करता है। शिविर में कमिटी के सदस्य सतनाम सिंह घुम्मन, हरविंदर सिंह, जसबीर सिंह गांधी और मनोहर सिंह मित्ये उपस्थित रहे। वहीं रोट्रैक्ट क्लब की ओर से अध्यक्ष कुमार तेजस्वी, सचिव आफरीन शेख और चिन्मय दास सहित अन्य सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया। बताया गया कि रोट्रैक्ट क्लब द्वारा 9 से 15 मार्च तक महादान 11.0 अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सके। यह आयोजन नानकशाही कैलेंडर के अनुसार सिख नववर्ष के अवसर पर मानव सेवा और समाज कल्याण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।