ताज़ा-ख़बर

डूरंड कप में दिल्ली एससी का दमदार पलटवार, जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हराया

रिपोर्ट: VBN News Desk7 घंटे पहलेझारखण्ड

पहले हाफ में पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में दो गोल दागकर दर्ज की शानदार जीत, मोरहाबादी स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला

डूरंड कप में दिल्ली एससी का दमदार पलटवार, जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हराया

रांची। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए डूरंड कप के रोमांचक मुकाबले में दिल्ली एससी ने शानदार वापसी करते हुए जमशेदपुर एफसी को 2-1 से शिकस्त दे दी। पहले हाफ में एक गोल से पिछड़ने के बावजूद दिल्ली ने दूसरे हाफ में आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार दो गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

शाम पांच बजे शुरू हुए मैच में जमशेदपुर एफसी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। पांचवें और सातवें मिनट में टीम ने लगातार हमले किए, लेकिन दिल्ली के गोलकीपर ने शानदार बचाव कर गोल होने से रोक दिया। दिल्ली ने भी आठवें मिनट में पलटवार किया, मगर उसे सफलता नहीं मिली।

लगातार आक्रमण के बीच 21वें मिनट में जमशेदपुर एफसी ने बेहतरीन मूव के जरिए पहला गोल दागकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ तक यही स्कोर बना रहा।

दूसरे हाफ में दिल्ली एससी पूरी तरह बदले हुए तेवर के साथ मैदान पर उतरी। टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पहले बराबरी का गोल दागा और फिर 55वें मिनट में शानदार मूव के जरिए दूसरा गोल कर 2-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद दिल्ली ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए मैच जीत लिया।

दिल्ली एससी की इस जीत ने डूरंड कप में उसके अभियान को नई मजबूती दी, जबकि जमशेदपुर एफसी को शुरुआती बढ़त के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों ने तेज गति और आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

इन्हें भी पढ़ें.