धनबाद में फिर भू-धसान, छह मकान जमींदोज, बाल-बाल बचे लोग
कतरास के सेलेक्टेड गोविंदपुर में बारिश के बीच धंसी जमीन, घरों का सामान और बाइक भी मलबे में समाई

धनबाद। लगातार हो रही बारिश के बीच धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित सेलेक्टेड गोविंदपुर में मंगलवार देर शाम भू-धसान की बड़ी घटना हुई। अचानक जमीन धंसने से करीब छह मकान जमींदोज हो गए। मकानों में रखा घरेलू सामान, जरूरी सामग्री और एक मोटरसाइकिल भी जमीन में समा गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोग बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के दौरान एक पीड़ित महिला मीडिया को अपनी आपबीती सुना रही थी। तभी उसका घर अचानक धंसने लगा। महिला, उसके परिजन और मौके पर मौजूद मीडियाकर्मी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
पीड़ित परिवारों के अनुसार, रात में खाना बनाने के दौरान तेज आवाज के साथ जमीन धंसनी शुरू हुई। कुछ ही क्षणों में मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं और देखते ही देखते कई घर मलबे में तब्दील हो गए। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए प्रभावित परिवारों का सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन कई घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए।
लगातार हो रही बारिश के कारण कतरास क्षेत्र में भू-धसान की घटनाएं बढ़ने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास, उचित मुआवजा और क्षेत्र में भू-धसान की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।