गिरिडीह में आकाशीय बिजली का कहर, पांच लोगों की मौत
देवरी के दो गांवों में दर्दनाक हादसा, एक परिवार के तीन बच्चों समेत पांच की जान गई, दो घायल

गिरिडीह। जिले के देवरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के तीन बच्चे भी शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, देवपहाड़ी स्थित गोसांई आहर के पास अर्जुन कुमार साव (17), विष्णुदेव साव (13), गजेंद्र साव (15), कुश कुमार (18) और उमेश यादव बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से सभी बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां चार युवकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उमेश यादव गंभीर रूप से घायल हैं।
दूसरी घटना बांसडीह गांव के तिलयडीह टोला में हुई, जहां धान के खेत में बिचड़ा डाल रहे संतोष तिवारी (40) पर आकाशीय बिजली गिर गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना में चंगचाचो निवासी विक्रम तिवारी भी घायल हो गए। घायल उमेश यादव और विक्रम तिवारी का उपचार जलखरियोडीह स्थित एक निजी चिकित्सा केंद्र में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ की विधायक मंजू कुमारी, भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे तथा उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आकाशीय बिजली से बचाव के लिए बड़े पैमाने पर तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा विद्यालयों में लगाए गए कई तड़ित चालक चोरी हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है।
लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली की घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।