ताज़ा-ख़बर

तस्कीन खान प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग तेज, AIMIM नेता बाबर खान ने उठाए सवाल

रिपोर्ट: MANISH 2 दिन पहलेझारखण्ड

पूर्व उपाध्यक्ष बोले- सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय जांच जरूरी, जनता का भरोसा बहाल करे प्रशासन

तस्कीन खान प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग तेज, AIMIM नेता बाबर खान ने उठाए सवाल

चांडिल : कपाली ओपी क्षेत्र से जुड़े चर्चित तस्कीन खान प्रकरण को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज होती जा रही है। एआईएमआईएम नेता एवं समाजसेवी बाबर खान ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट जारी कर मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि तस्कीन खान की शीघ्र एवं सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा पूरे प्रकरण में सामने आए तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। बाबर खान ने अपने पोस्ट में कहा कि मामले में हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित हैं जिससे लोगों के बीच भ्रम और शंकाएं बनी हुई हैं। उन्होंने वर्ष 2021 के एक पुराने मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यदि उस समय किसी प्रकार की बरामदगी हुई थी तो उससे जुड़े तथ्यों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका भी स्पष्ट की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि जांच के दौरान सामने आए मोबाइल सिम, संपर्कों और अन्य तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। इधर कपाली नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सरवर आलम ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी भी संवेदनशील प्रकरण में निष्पक्ष जांच ही जनता का विश्वास कायम रख सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी दबाव या पूर्वाग्रह से मुक्त होकर सभी पहलुओं की जांच करनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तस्कीन खान के परिजनों और समाज के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रशासन को पारदर्शी तरीके से जांच आगे बढ़ानी चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जांच को प्रभावित करने या भटकाने की कोई कोशिश सफल न हो। उल्लेखनीय है कि इस मामले को लेकर आदिवासी समुदाय के कुछ नेता और पीड़ित पक्ष से जुड़े लोग दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

इन्हें भी पढ़ें.