वार्ड-17 के जयप्रकाश उद्यान में हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग, पार्षद नीतू शर्मा ने वन विभाग को सौंपा आवेदन
अंधेरे के कारण बढ़ रही आपराधिक घटनाएं, जनहित में हाई मास्ट लाइट लगाने की उठी मांग

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने सरायकेला वन प्रमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर जयप्रकाश उद्यान में हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि उद्यान क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है जिससे आम लोगों, विशेषकर टहलने आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्षद ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं और छिनतई, अभद्र व्यवहार तथा अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया है कि पूर्व में भी उद्यान परिसर में हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ऐसे में जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से जयप्रकाश उद्यान में शीघ्र हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि हाई मास्ट लाइट लगने से उद्यान में आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा तथा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।