दिशोम गुरु शिबू सोरेन को गम्हरिया में भावभीनी श्रद्धांजलि, प्रो. के.पी. सोरेन बोले- उनके विचार सदैव रहेंगे प्रासंगिक
गम्हरिया हाट बाजार का नाम गुरुजी मार्केट रखने का उठा प्रस्ताव, श्रद्धांजलि सभा में जुटे व्यवसायी व जनप्रतिनिधि

गम्हरिया : दिशोम गुरु एवं झारखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को गम्हरिया स्थित लाल बिल्डिंग हाट बाजार परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। वरिष्ठ नेता फूलकांत झा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ झामुमो नेता एवं शिक्षाविद प्रो. के.पी. सोरेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रो. के.पी. सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके संघर्ष, त्याग और सेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी के आदर्शों पर चलकर ही झारखंड के समावेशी विकास का सपना साकार किया जा सकता है। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से गम्हरिया हाट बाजार का नाम गुरुजी मार्केट रखने का प्रस्ताव भी रखा। वक्ताओं ने कहा कि इससे दिशोम गुरु की स्मृतियां सदैव जीवंत रहेंगी और नई पीढ़ी उनके संघर्ष एवं योगदान से प्रेरणा ले सकेगी। कार्यक्रम में इंद्रकांत झा, गोविंद पाठक, देव कुमार दास, अरुण कुमार दास, सपन चंद्रा, महावीर गोराई, सुफल गोराई, राधेश्याम महतो, पंकज अग्रवाल, दीपक झा, शंकर शर्मा, कृपा जी, रुपेश, लाल महतो सहित बाजार के सभी दुकान संचालकों, व्यवसायियों एवं सब्जी विक्रेताओं ने भाग लेकर गुरुजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंत में सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।