ताज़ा-ख़बर

SIR कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा, डिजिटाइजेशन में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

रिपोर्ट: 2 घंटे पहलेझारखण्ड
SIR कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा, डिजिटाइजेशन में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

दुमका : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति, एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है, जबकि प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य अब तक 69.54 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसके माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाना है। उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया कि डिजिटाइजेशन कार्य में और तेजी लाएं तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि डिजिटाइजेशन के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। सभी प्रविष्टियों की अच्छी तरह जांच की जाए और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह सही एवं विश्वसनीय तैयार हो सके।

उन्होंने सभी ERO एवं AERO को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने, बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारभूत व्यवस्था है। इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे तथा अपात्र नामों को सूची से हटाने की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाए।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए समय पर SIR प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

इन्हें भी पढ़ें.