ताज़ा-ख़बर

पर्यावरण संरक्षण को लेकर उपायुक्त सख्त, अवैध खनन और प्रदूषण पर कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्ट: Amit Sahay3 दिन पहलेझारखण्ड

औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन अनिवार्य, नियमित जांच और निगरानी पर जोर

पर्यावरण संरक्षण को लेकर उपायुक्त सख्त, अवैध खनन और प्रदूषण पर कार्रवाई के निर्देश

गिरिडीह: पर्यावरण संरक्षण को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वायु एवं जल प्रदूषण पर नियंत्रण तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध बालू खनन, अवैध कचरा डंपिंग, पत्थर खदानों और पत्थर क्रशरों की नियमित जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र और वर्षा जल संचयन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने औद्योगिक कचरे का सुरक्षित निस्तारण करने तथा दूषित जल को उपचारित करने के बाद ही जल स्रोतों में प्रवाहित करने का निर्देश दिया।

प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराने के साथ अस्पतालों, नर्सिंग होम और अन्य संस्थानों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आवश्यक सहमति प्रमाणपत्र प्राप्त करने का भी निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर निगम, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सीसीएल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.