साकची के पूजा पंडालों में महिला-पुरुष पुलिसबल की होगी विशेष तैनाती, सुरक्षा पर शांति समिति की बैठक में फैसला
सफाई, रोशनी और विसर्जन मार्ग पर भी जोर, पूजा समितियों को वॉलिंटियर्स की सूची पुलिस को देने का निर्देश

जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को साकची थाना परिसर में शांति समिति और पूजा समितियों की बैठक हुई। थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में साकची थाना क्षेत्र की करीब 16 पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं रखीं। बैठक में साकची क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती का निर्णय लिया गया। थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण ने पूजा समितियों से महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता है। काशीडीह पूजा पंडाल और मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष चौकसी बरतने की बात कही गई। पूजा समितियों को अपने वॉलिंटियर्स के नाम और मोबाइल नंबर थाना को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया ताकि पुलिस और समितियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। शांति समिति के सदस्यों से सप्तमी से विसर्जन तक सक्रिय रहकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। शांति समिति सदस्य परमजीत सिंह काले ने कहा कि दुर्गा पूजा सभी लोगों की आस्था और खुशी का पर्व है। प्रशासन, पूजा समितियों और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाया जा सकता है। उन्होंने विसर्जन मार्ग, साफ-सफाई, रोशनी और भीड़ नियंत्रण की पहले से व्यवस्था करने पर जोर दिया। बैठक में आमबागान पूजा समिति ने मैदान की सफाई, हाईमास्ट लाइट दुरुस्त कराने और मैदान में खड़ी बसों को हटाने की मांग रखी। बाल मंदिर पूजा समिति, साकची बाजार ने विसर्जन के दिन हाट और फुटपाथ दुकानों के कारण होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाते हुए विसर्जन मार्ग खाली रखने की मांग की। जुस्को के पदाधिकारी सतीश कुमार तिवारी और राजीव कुमार शर्मा ने पेड़ कटाई, साफ-सफाई और लाइटिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूजा से पहले दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। बैठक में प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स की तैनाती और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने पर भी सहमति बनी। बैठक में पूजा समिति के सदस्य ओम प्रकाश, देबाशीष नाहा, मनोज मिश्रा रामलीला उत्सव समिति रामलीला मैदान, राकेश साहू, डीo केoघोष, विकास दुबे, तरुण कुमार साहू स्वर्णरेखा फ्लैट पूजा कमेटी, सुशांत साहू उत्कल महादेव पूजा कमेटी साकची बाजार, अमित कुमार सिंह मनोकामना मंदिर पूजा कमेटी, अंकित जवान पुरिया साकची मिल एरिया पूजा कमेटी, शशांक बाजपेई, विकास सिंघानिया, सैयद कलीम, तेज प्रताप पांडे, उमेश शर्मा, सोनू राजा खान, परमजीत सिंह काले, हरविंदर सिंह, हसीन अहमद, आदर्श मेहंदी, सनी संघी, डॉ. उधम सिंह, सोनू रज़ा ख़ान, जमाल अहमद, उमेश शर्मा, शांतनु बोस, मुन्ना ख़ान, अंकित जवानपुरिया समेत साकची थाना से प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, संजीव कुमार, डीएसपी (नगर), राजीव कुमार, अभिनव कुमार, सुमित कुमार, मुकेश कुमार, पंकज कुमार (पुलिस निरीक्षक) बैठक में उपस्थित रहे।