ताज़ा-ख़बर

सरायकेला में चंपई सोरेन पर सीधा हमला, मनोज चौधरी बोले: घाटशिला में गुरु रोया, यहां चेला कर रहा है राजनीति

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

काम बनाम दिखावा की जंग में मनोज चौधरी का पलटवार, चंपई सोरेन गुट पर जनता को गुमराह करने का आरोप

सरायकेला में चंपई सोरेन पर सीधा हमला, मनोज चौधरी बोले: घाटशिला में गुरु रोया, यहां चेला कर रहा है राजनीति

सरायकेला : नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड की राजनीति के कद्दावर नेता चंपई सोरेन पर तीखा हमला बोला। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) समर्थित प्रत्याशी मनोज चौधरी ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि गुरु रोया घाटशिला में और चेला रो रहा है सरायकेला में और इशारों-इशारों में चंपई सोरेन गुट की राजनीतिक स्थिति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी खेमे में मुद्दों की कमी है इसलिए सम्मान और संस्कृति की आड़ में जनता को गुमराह किया जा रहा है। मनोज चौधरी ने कहा कि बिना वजह मारपीट, जेल भेजना और अपमानजनक भाषा क्या सम्मान की राजनीति है, यह सरायकेला की जनता भली-भांति समझती है। उन्होंने दावा किया कि जेएमएम ने उन्हें पहचान दी है और वे जमीन पर काम करने वाले योद्धा हैं न कि केवल चेहरे या पद के सहारे राजनीति करने वाले। उन्होंने अपने नारे (सुनो सरायकेला, चुनो कामवाला) को जन-जन की आवाज बताते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुका है। चंपई सोरेन समर्थकों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल की सेवा का इनाम जेल भेजकर देने वाले आज घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। मनोज चौधरी ने स्पष्ट किया कि वे पद की लालसा में किसी का अपमान नहीं करेंगे बल्कि सरायकेला की संस्कृति और जनता के हित के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

इन्हें भी पढ़ें.