झारखंड में राजद को कम मत आंकिए, अगली बार ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे: तेजस्वी यादव
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए आह्वान किया; गठबंधन की मजबूती और बूथ स्तर पर सक्रिय संगठन पर दिया जोर

रांची : राष्ट्रीय जनता दल के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को रांची में कहा कि झारखंड में राजद एक ऐसी राजनीतिक धुरी है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
तेजस्वी यादव ने कार्निवल हॉल में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने पिछली विधानसभा चुनाव में 7 में से 4 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, "भविष्य में परिसीमन के बाद विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने वाली है, इसलिए कार्यकर्ताओं को अब से सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करनी होगी।"
उन्होंने गठबंधन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा जैसी ताकतों के खिलाफ झामुमो और कांग्रेस के साथ एकजुट रहना जरूरी है। तेजस्वी ने दिवंगत शिबू सोरेन का सम्मान व्यक्त किया और हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सहयोग जारी रखने का भरोसा दिया। इसके अलावा, उन्होंने संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर सक्रिय रहने पर भी ध्यान केंद्रित किया। तेजस्वी ने हर कार्यकर्ता को रोजाना कम से कम एक घंटा जनता की समस्याओं और संगठन कार्यों के लिए समर्पित करने का निर्देश दिया।
समारोह में राजद के कई कद्दावर नेता शामिल थे, जिनमें शक्ति सिंह यादव, संजय सिंह यादव, जयप्रकाश यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, संजय प्रसाद यादव, सत्यानंद भोक्ता और रंजन यादव प्रमुख रूप से उपस्थित थे। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि बिहार में राजद के पक्ष में जनादेश था और आने वाली केंद्र सरकार में पार्टी की निर्णायक भूमिका होगी।