ताज़ा-ख़बर

दुर्गा पूजा पर इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की दोहरी पहल: कन्या पूजन के साथ दिया स्वच्छता का संदेश

रिपोर्ट: VBN News Desk11 घंटे पहलेझारखण्ड

मेयर प्रमिला मेहरा की मौजूदगी में 40 कन्याओं को वस्त्र-फल वितरित, दुर्गा मंडप में लगाए गए डस्टबिन

दुर्गा पूजा पर इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की दोहरी पहल: कन्या पूजन के साथ दिया स्वच्छता का संदेश

गिरिडीह: शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर सेवा और संस्कार की मिसाल पेश करते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन, डिस्ट्रिक्ट 325 ने दोहरी सेवा पहल की। क्लब की अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला के नेतृत्व में बाभनटोली दुर्गा मंडप में कन्या सेवा एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह की मेयर प्रमिला मेहरा उपस्थित रहीं, जो क्लब की सम्मानित सदस्य भी हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में दुर्गा मंडप समिति के सचिव रिंकू कुमार ने मेयर प्रमिला मेहरा को पौधा भेंट कर स्वागत किया, वहीं क्लब सदस्य रीता देवी ने माँ दुर्गा की शक्ति और नारी सम्मान के प्रतीक स्वरूप लाल चुनरी ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया।

कन्याएँ दुर्गा का स्वरूप, उनका सम्मान ही सच्ची आराधना कन्या सेवा के तहत मेयर प्रमिला मेहरा के हाथों 35 से 40 कन्याओं को फ्रॉक, वस्त्र एवं फल वितरित किए गए। इस अवसर पर अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने कहा, "कन्याएँ माँ दुर्गा का साक्षात स्वरूप हैं। उनका सम्मान, संरक्षण और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही माँ की सच्ची आराधना है।"

स्वच्छता को लेकर विशेष पहल क्लब ने पूजा पंडालों में स्वच्छता को लेकर भी अनुकरणीय पहल की। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला के सौजन्य से दुर्गा मंडप में गीले एवं सूखे कचरे के लिए दो अलग-अलग डस्टबिन प्रदान किए गए, ताकि पूजा सामग्री व अन्य कचरे का उचित निस्तारण हो सके। इस दौरान स्वच्छता जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए।

मेयर प्रमिला मेहरा एवं अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने संयुक्त रूप से गिरिडीहवासियों से अपील की कि पूजा पंडालों, मेलों और स्टॉलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा खुले में न फेंकें और डस्टबिन का उपयोग करें। स्वच्छता को सिर्फ त्योहारों तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

इन्हें भी पढ़ें.