के.के. पॉलिटेक्निक–डाकघर घोटाले में ईडी की दबिश, आरोपित पंकज चौहान फरार
लोयाबाद स्थित आवास पर छापेमारी, कई समन के बावजूद पूछताछ में नहीं हुआ शामिल; संदिग्ध बैंक लेन-देन की जांच तेज

धनबाद। के.के. पॉलिटेक्निक–उप डाकघर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को धनबाद के लोयाबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपित पंकज चौहान के आवास पर छापेमारी की। हालांकि कार्रवाई के दौरान वह घर पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम उसे गिरफ्तार करने के उद्देश्य से पहुंची थी।
सूत्रों के अनुसार, पंकज चौहान को पूछताछ के लिए कई बार समन और नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वह किसी भी बार एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने के बाद ईडी ने उसके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। छापेमारी की सूचना मिलते ही लोयाबाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इसी मामले में पंकज चौहान पहले भी जेल जा चुका है। जांच के दौरान उसके बैंक खाते में 2 करोड़ 89 लाख 12 हजार 600 रुपये ट्रांसफर होने और बाद में पूरी राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। ईडी इस संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और धन के स्रोत की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल ईडी की टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच में जुटी है, जबकि फरार पंकज चौहान की तलाश जारी है। जांच एजेंसी का मानना है कि साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में आगे और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।