ताज़ा-ख़बर

ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में आवारा कुत्ते का आतंक, चार वर्षीय बच्ची को काटा

रिपोर्ट: VBN News Desk11 घंटे पहलेदेश

दो दिन पहले सुरक्षाकर्मी पर भी हुआ था हमला, लोगों ने प्राधिकरण से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की

ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में आवारा कुत्ते का आतंक, चार वर्षीय बच्ची को काटा

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्थित एनआरआई रेजिडेंसी सोसाइटी में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ते ने चार वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे काट लिया। बच्ची के हाथ में चोट आने के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

सोसाइटी के निवासी श्रवण निगम ने बताया कि बच्ची परिसर में खेल रही थी, तभी एक लावारिस कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। इससे पहले दो दिन पूर्व भी एक आवारा कुत्ते ने सोसाइटी के एक सुरक्षाकर्मी को काटकर घायल कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं के कारण बच्चों का बाहर खेलना और लोगों का सुबह-शाम टहलना मुश्किल हो गया है।

निवासियों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि सोसाइटी के लोग अपने स्तर पर कई कुत्तों का टीकाकरण भी कराते हैं, लेकिन केवल टीकाकरण से समस्या का समाधान संभव नहीं है।

सोसाइटी के लोगों ने प्राधिकरण से आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने तथा परिसर को सुरक्षित बनाने के लिए शीघ्र और स्थायी कार्रवाई करने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.