सरायकेला में एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान का शुभारंभ, सभी विद्यालयों में अनिवार्य होगा पौधारोपण
जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने लगाया पौधा, विद्यालयों को वितरित किए गए हजारों पौधे

सरायकेला : प्रखंड संसाधन केंद्र, सरायकेला में बुधवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 20 अगस्त को सभी सरकारी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से पौधारोपण किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों को प्रखंड संसाधन केंद्र से विभिन्न प्रकार के फलदार और औषधीय पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। वृक्षारोपण के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने कहा कि धरती पर पेड़ जीवन का आधार हैं लेकिन तेजी से वनों का क्षेत्रफल घट रहा है। उन्होंने बताया कि एक समय झारखंड का वन क्षेत्र 40 प्रतिशत हुआ करता था जो अब घटकर मात्र 30 प्रतिशत रह गया है। मानक के अनुसार राज्य में कम से कम एक तिहाई क्षेत्र वन होना चाहिए। उन्होंने इस अभियान को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि हर विद्यालय में लगाए गए पौधों को मां के नाम से समर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रखंड संसाधन केंद्र से पौधों का वितरण भी किया गया। प्रखंड संसाधन सेवी गौतम कुमार ने बताया कि नव प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों को 10-10 पौधे, उत्क्रमित मध्य और मध्य विद्यालयों को 20-20 पौधे, वहीं उत्क्रमित उच्च विद्यालय एवं प्लस टू विद्यालयों को 75-75 पौधे प्रदान किए गए हैं। अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सरायकेला प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंड़पात, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांतोना जेना, प्रखंड संसाधन सेवी गौतम कुमार समेत सभी कार्यालय कर्मी और शिक्षक मौजूद रहे।