तलसवार पंचायत में पैक्स चुनाव की सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों में मुकाबला
मोहित कुमार, रंजीत साव और बिमल करमाली आमने-सामने, जीत के लिए प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत

रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव : प्रखंड में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (पैक्स) के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में तलसवार पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए कल चुनाव होना है। चुनाव में तीन प्रत्याशी आमने-सामने हैं। तीनों उम्मीदवार अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं। मतपत्र में क्रम के अनुसार पहले नंबर पर मोहित कुमार हैं जिनका चुनाव चिह्न रोड रोलर है। दूसरे नंबर पर रंजीत साव हैं जिन्हें किताब चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। वहीं तीसरे नंबर पर बिमल करमाली हैं जिनका चुनाव चिह्न मोतियों की माला है। तीनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर पंचायत में चुनावी चर्चा तेज है। उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं तक पहुंचने और उन्हें अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं। चुनावी मैदान में कोई भी प्रत्याशी पीछे हटने को तैयार नहीं है। तीनों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। पैक्स चुनाव ग्रामीण क्षेत्र में सहकारी व्यवस्था और कृषि से जुड़े कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में तलसवार पंचायत के मतदाताओं की भूमिका निर्णायक होगी। अब सबकी नजरें मतदान पर टिकी हैं। मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना मत देते हैं और पैक्स अध्यक्ष पद का ताज किसके सिर सजता है, इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद होगा।