पति और मासूम बच्चों के सामने हाथी का तांडव, खेत में काम कर रही महिला को कुचलकर मार डाला
लोहरदगा में जंगली हाथी का तांडव, परिवार की आंखों के सामने महिला की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत

लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भैसमुंदो और बेदाल गांव की सीमा पर खेत में काम कर रही एक महिला की जंगली हाथी ने कुचलकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान बेदाल टंगराटोली निवासी 35 वर्षीय प्रतिमा उरांव के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब प्रतिमा उरांव अपने पति कृष्णा उरांव और दो बच्चों के साथ खेत में काम कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी की ओर से अचानक एक जंगली हाथी खेत की तरफ पहुंच गया। खेत में काम कर रहे लोग कुछ समझ पाते उससे पहले हाथी ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने महिला के पति और बच्चों को सूंड़ में लपेटकर कुछ दूर तक घसीटा लेकिन बाद में छोड़ दिया। वहीं प्रतिमा उरांव हाथी के हमले की चपेट में आ गईं और हाथी ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया। पति और बच्चों की आंखों के सामने ही महिला ने मौके पर दम तोड़ दिया। आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर परिवार को सतर्क करने की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़कर क्षेत्र में भटक रहा है और पिछले कुछ दिनों से आसपास के गांवों में इसकी गतिविधियां देखी जा रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले खेतों या जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है। वहीं ग्रामीणों ने मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा और हाथी के आतंक से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार जंगली हाथियों के गांवों की ओर आने से लोगों में भय का माहौल है। खेती-किसानी और दैनिक कार्यों के दौरान जान का खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।