बड़कागांव में राहुल दुबे गैंग के गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो संदिग्ध घायल
पुलिस को देख जंगल में भागे अपराधी, फायरिंग के बाद दो गिरफ्तार.. हथियार, गोली, खोखा, पर्चा और मोबाइल बरामद

रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव, हजारीबाग : राहुल दुबे गैंग के संदिग्ध गुर्गों और पुलिस के बीच शनिवार को गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्ध अपराधी घायल हुए हैं जबकि एक अन्य आरोपी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, गोली, खोखा, पर्चा और मोबाइल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे गैंग के कुछ गुर्गे मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियरी एवं ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी क्रम में करीब 3:50 बजे पुराना कांटा घर रोड के आसपास पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को भुरकुंडा की ओर से आते देखा। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल गिर गई और तीनों संदिग्ध जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस का कहना है कि जंगल से संदिग्धों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है। वहीं तीसरा संदिग्ध जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, गोली, खोखा, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और फरार आरोपी की तलाश जारी है। छापामारी दल का नेतृत्व बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने किया। टीम में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
NOTE : पुलिस के अनुसार दोनों घायल व्यक्तियों को संदिग्ध अपराधी बताया गया है, उनकी भूमिका और बरामद सामान से जुड़े आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।