ओडिशा सरकार को हरभजन सिंह के परिजनों की तलाश, जमशेदपुर में खोज तेज
2023 में हुआ था निधन, मुआवजा राशि दिलाने के लिए परिवार की तलाश में जुटा संबलपुर प्रशासन

जमशेदपुर : ओडिशा के संबलपुर निवासी सरदार हरभजन सिंह के निधन के बाद अब उनके परिजनों की तलाश शुरू हो गई है। वर्ष 2023 में सरदार हरभजन सिंह का निधन हुआ था। उनके परिजनों अथवा निकट संबंधियों का पता नहीं चल पाने के कारण ओडिशा सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि अब तक वास्तविक हकदारों तक नहीं पहुंच सकी है। संबलपुर जिला प्रशासन की ओर से अब उनके परिवार की तलाश की जा रही है, ताकि नियमानुसार मुआवजा राशि उनके वैध हकदारों को सौंपी जा सके। जानकारी के अनुसार सरदार हरभजन सिंह पूर्व में जमशेदपुर निवासी थे। बताया गया है कि उनकी पुत्री का विवाह वर्ष 2016 में जमशेदपुर में हुआ था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उनके परिवार अथवा रिश्तेदारों में कोई व्यक्ति वर्तमान में जमशेदपुर या आसपास के क्षेत्र में रह रहा हो। परिजनों की तलाश से संबंधित जानकारी जमशेदपुर के मानगो गुरुद्वारा साहिब के साबका प्रधान सरदार इन्दर सिंह इन्दर तक पहुंची है। इसके बाद सिख समाज के लोगों से अपील की गई है कि वे हरभजन सिंह के परिवार की पहचान और उनके परिजनों तक पहुंचने में सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को सरदार हरभजन सिंह, उनकी पुत्री, परिवार के किसी सदस्य, रिश्तेदार या परिचित के संबंध में जानकारी हो तो वह सरदार इन्दर सिंह इन्दर के मोबाइल नंबर 6299003622 पर संपर्क कर जानकारी साझा कर सकता है। सरदार इन्दर सिंह इन्दर ने समाज के लोगों से अपील की है कि इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के पास उपलब्ध छोटी-सी जानकारी भी मृतक के वास्तविक परिजनों तक पहुंचने और उन्हें उनका वैधानिक मुआवजा दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।