ताज़ा-ख़बर

नौ साल बाद भी बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे नगर निगम के 35 वार्ड : बिमला कुमारी

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

दुर्गा पूजा तक व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस करेगी आंदोलन : कांग्रेस

नौ साल बाद भी बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे नगर निगम के 35 वार्ड : बिमला कुमारी

मेदिनीनगर (पलामू) : प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, सफाई व शुद्ध पेयजल की लचर व्यवस्था को लेकर पलामू जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम प्रशासन से अविलंब सुधार की मांग की है। इस संबंध में नगर आयुक्त को मांग पत्र सौंपकर शहर के सभी 35 वार्डों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई है। चेतावनी दी कि दुर्गा पूजा तक खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, नियमित जलापूर्ति व सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन करने को बाध्य होगी।

कांग्रेस भवन में इसकी जानकारी देते हुए पलामू जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बिमला कुमारी ने कहा कि मेदिनीनगर पलामू जिला मुख्यालय होने के साथ-साथ प्रमंडलीय मुख्यालय भी है। बावजूद शहरवासी आज भी शुद्ध पेयजल, नियमित सफाई, स्ट्रीट लाइट व यातायात जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

बिमला कुमारी ने कहा कि नगर निगम का दर्जा मिलने के करीब नौ वर्ष बाद भी सफाई, स्ट्रीट लाइट व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप सुदृढ़ नहीं हो सकी है। नए शामिल क्षेत्रों के लोगों की स्थिति यह है कि वे ग्रामीण विकास योजनाओं के लाभ से वंचित हो गए। उन्हें अपेक्षित शहरी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। बावजूद उन्हें शहरी क्षेत्र के अनुरूप टैक्स का बोझ उठाना पड़ रहा है। नागरिकों में निराशा व असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने निगम क्षेत्र में खराब पड़ी 3500 से अधिक स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने, शहर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित सफाई सुनिश्चित करने व सभी वार्डों में सोलर आधारित स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। मेदिनीनगर-शाहपुर को जोड़ने वाले कोयल पुल की नियमित सफाई कराने, पुल पर वर्षों पूर्व बिछाए गए जलापूर्ति पाइप व केबल को अविलंब हटाने की मांग की।प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की लंबित किस्तों का शीघ्र भुगतान करने की भी मांग उठाई। तीन माह से बंद सुदना जलापूर्ति केंद्र चालू करने की मांग की। शहरी जलापूर्ति योजना फेज-दो के कार्यों में तेजी लाने व तक पाइपलाइन से वंचित सभी वार्डों में पाइप बिछाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी। मौके पर ओमप्रकाश अमन, अरविंद पासवान, विश्राम दुबे, रिजवान खान, राजा पाठक, जितेन्द्र कमलापुरी, अनिल कुमार सिंह, राजेश चौरसिया व आशीष कुमार मौजूद थे।

इन्हें भी पढ़ें.