हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने नेमरा पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
नेमरा में शोक संवेदना व्यक्त करने उमड़े लोग, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित कई नेताओं ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

नेमरा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के नेता, अधिकारी और आमजन पहुंचे। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। गांव में पूरे दिन शोक का माहौल बना रहा।
श्रद्धांजलि देने पहुंचने वालों में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड के मंत्री दीपक बिरुआ, विधायक संजय सिंह यादव, आलोक सोरेन और अमित कुमार यादव तथा रांची की महापौर रोशनी खलखो शामिल थीं। इनके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू और मिथिलेश ठाकुर तथा पूर्व विधायक विनोद सिंह, लक्ष्मी टुडू, अकील अख्तर, निजामुद्दीन अंसारी, नारायण दास और ताला मरांडी ने भी नेमरा पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बिहार के पूर्व विधायक ललन कुमार ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।
अधिकारियों और आमजनों ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने वालों में भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और झारखंड लोक सेवा के अधिकारी भी शामिल रहे। भारतीय स्टेट बैंक और टाटा समूह के अधिकारियों, खिलाड़ियों, रांची नगर निगम क्षेत्र के पार्षदों तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए आम लोगों ने भी उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और मुख्यमंत्री के प्रति संवेदना प्रकट की।
आत्मा की शांति के लिए सर्वधर्म प्रार्थना इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा और झारखंड बुद्ध सोसाइटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया। सदस्यों ने दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए सर्वधर्म प्रार्थना भी की।
नेमरा में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति ने शोक की इस घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति संवेदना एवं एकजुटता प्रकट की।