ताज़ा-ख़बर

हर वार्ड होगा रोशन, एक सप्ताह बाद शुरू होगा स्ट्रीट लाइट लगाने का काम : नगर आयुक्त रणजीत कुमार लाल

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

नगर निगम क्षेत्र में लगेंगी 2000 नई स्ट्रीट लाइट

हर वार्ड होगा रोशन, एक सप्ताह बाद शुरू होगा स्ट्रीट लाइट लगाने का काम : नगर आयुक्त रणजीत कुमार लाल

मेदिनीनगर (पलामू) : मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्ड जल्द ही स्ट्रीट लाइट से जगमग होंगे। शहर को रोशन करने के लिए नगर निगम ने 2000 नई स्ट्रीट लाइट का ऑर्डर दिया है। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। उक्त बातें मेदिनीनगर नगर निगम के नगर आयुक्त रणजीत कुमार लाल ने दी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल एसआईआर का कार्य चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद करीब एक सप्ताह के भीतर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि एसआईआर कार्य में निगम के पदाधिकारी व कर्मचारी लगाए गए हैं। नगर निगम कार्यालय के कूल 25 कर्मचारियों में से 16 कर्मचारी फिलहाल एसआईआर कार्य में अपनी सेवा दे रहे हैं। कर्मचारियों के इस कार्य में व्यस्त रहने के कारण निगम कार्यालय के कई नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं व कुछ कार्य लंबित पड़े हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर का काम पूरा होने के बाद निगम के नियमित कार्यों में भी तेजी आएगी।

प्रमुख सड़कों की बदहाली दूर कराने की पहल

नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी निगम प्रशासन गंभीर है। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर की विभिन्न मुख्य सड़कों की स्थिति खराब है। इनके दुरुस्तीकरण के लिए आरसीडी व नेशनल हाईवे को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को पुनः स्मार पत्र भेजकर नगर निगम क्षेत्र की मुख्य सड़कों की मरम्मती कराने का आग्रह किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि निगम की पहल पर रांची रोड, टीवी टावर चौक व बीसफुटा स्थित पेट्रोल पंप के समीप सड़क की साधारण मरम्मती कराई गई है। हालांकि, शहर के अन्य प्रमुख मार्गों की स्थिति में सुधार के लिए भी संबंधित विभागों से लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट लगने से जहां शहर के सभी वार्डों में रोशनी की व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं मुख्य सड़कों की मरम्मती से आवागमन भी सुगम होने की उम्मीद है।

इन्हें भी पढ़ें.