मुंबई में इलाज के दौरान पत्थलगड्डा के प्रवासी मजदूर की मौत, शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम
गांव में शव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।

पत्थलगड्डा (चतरा): प्रखंड क्षेत्र के अनगड़ा हरिजन टोला निवासी एक प्रवासी मजदूर की मुंबई में इलाज के दौरान अचानक मौत हो गई। मृतक 30 वर्षीय लुलु भुइयां, पिता जीतू भुइयां, रोजगार की तलाश में करीब दो-तीन महीने पहले ही मुंबई गया था और वहां एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था। कंपनी के सहयोग से पैतृक गांव पहुंचा शव मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। संबंधित कंपनी के सहयोग से शुक्रवार को मृतक का शव हवाई मार्ग से रांची एयरपोर्ट लाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए शव को उसके पैतृक गांव अनगड़ा लाया गया। गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार गांव में शव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन छोटे-छोटे बच्चे और बूढ़े पिता को रोता-बिलखता छोड़ गया है। शुक्रवार की शाम स्थानीय श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मुआवजे की मांग अचानक हुई इस आकस्मिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। गांव के प्रबुद्ध लोगों और ग्रामीणों ने पीड़ित शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से उचित मुआवजे और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता प्रदान करने की मांग की है।