राजनगर में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 चुलाई भट्ठियां ध्वस्त
7,100 किलो जावा महुआ और 140 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद, संचालकों पर केस की तैयारी

राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश एवं उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को राजनगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने जनबानी और हनुमतबेड़ा गांव में छापेमारी कर चार अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया। विभाग को मिली आसूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों गांवों में विधिसम्मत तरीके से छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब तैयार करने के लिए रखे गए भारी मात्रा में कच्चे माल और तैयार शराब को बरामद किया गया। टीम ने मौके से 7,100 किलोग्राम जावा महुआ तथा 140 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की। छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया ताकि वहां दोबारा अवैध शराब निर्माण की गतिविधि शुरू नहीं की जा सके। बरामद अवैध उत्पाद को विभाग द्वारा विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है। उत्पाद विभाग के अनुसार इस कार्रवाई के संबंध में संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जिले में कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन होने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा उत्पाद विभाग को उपलब्ध कराएं। विभाग का कहना है कि आम लोगों की सूचना और सहयोग से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने संकेत दिया है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आसूचना के आधार पर छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।